वाराणसी। प्रमुख सचिव राजस्व व जिले के नोडल अधिकारी डॉ. रजनीश दूबे ने शुक्रवार को निर्माणाधीन सामने घाट पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान बाकी बचे काम जल्द से जल्द पूरा कराने की हिदायत के साथ ही पुल के रंग-रोगन का कार्य जल्द शुरू कराने को कहा। 923 मीटर लंबा यह पुल 97.72 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि लंका चौराहे से सामने घाट तक सड़क खस्ताहाल है। 1300 मीटर लंबी यही सड़क पुल के एप्रोच मार्ग से जुड़ती है। डॉ. दूबे ने इस सड़क की मरम्मत के लिए इस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजने को कहा। साथ ही, 31 अक्तूबर तक इस मार्ग को पूरी तरह गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। सेतु तक जाने वाले मुख्य मार्ग के बीचोबीच आने वाले एक मंदिर को स्थानीय लोगों से वार्ता कर आसपास शिफ्ट कराने के लिए डीएम को निर्देश दिया।
प्रमुख सचिव ने दस दिन के भीतर अभियान चलाकर सेतु के दोनों तरफ के एप्रोच मार्ग के साथ ही रेलिंग निर्माण कार्य पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को निर्देशित किया। एप्रोच मार्ग व पुल पर इंटरलॉकिंग कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा कराने को कहा। सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक ने बताया कि पांच सितंबर तक पुल का निर्माण कार्य, लोड जांच का काम पूरा हो जाएगा। सेतु पर चल रही ढलाई का काम आज पूरा करा लिया जाएगा।