पीजीडीसीए पाठ्यक्रम की 19-20 अगस्त को होने वाली काउंसिलिंग स्थगित कर दी गई है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि नई तारीख अभी तक निर्धारित नहीं की गई है। जैसे ही फैसला होगा वेबसाइट पर सूचित किया जाएगा।
बीबीए-बीसीए की काउंसिलिंग 19-20 और एमबीए की 21-22 अगस्त
बीबीए और बीसीए की काउंसिलिंग 19 और 20 अगस्त को कॉमर्स फैकल्टी में सुबह 11 बजे से होगी। यहीं पर 132 सीटों के लिए एमबीए की काउंसिलिंग 21 और 22 अगस्त को सुबह 10.30 बजे से होगी।
विद्यापीठ और देव संस्कृति विवि के बीच हुआ समझौता, संगीत शिक्षा में मिलकर करेंगे शोध
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और हरिद्वार के देव संस्कृति विश्वविद्यालय के बीच संगीत शिक्षा और शोध के लिए समझौता किया गया। विद्यापीठ के संगीत चिकित्सा प्रकोष्ठ एवं शोध केंद्र और देव संस्कृति के वैज्ञानिक आध्यात्मवाद विभाग ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया। दोनों केंद्र और विभाग मिलकर अध्यात्म विज्ञान और संगीत से इलाज के क्षेत्रों में काम करेंगे। अपने ज्ञान और शोध को भी एक दूसरे के साथ साझा कर सकेंगे। कार्यशालाओं, संगोष्ठियों और सम्मेलनों आदि का आयोजन करने के साथ-साथ एक दूसरे केंद्रों के विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित करेंगे। विद्यापीठ की ओर से संगीत चिकित्सा प्रकोष्ठ एवं शोध केंद्र के समन्वयक डॉ. दुर्गेश कुमार उपाध्याय और देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति-कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या, कुलसचिव बलदाऊ देवांगन, वैज्ञानिक आध्यात्मवाद विभाग के अध्यक्ष ज्वलंत भावसार की मौजूदगी में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए।
विद्यापीठ में पीजी-डिप्लोमा ऑनलाइन फॉर्म में आज से संशोधन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में चलने वाले स्नातकोत्तर (पीजी) और डिप्लोमा कोर्स के आवेदन पत्र में संशोधन का पोर्टल खोल दिया गया है। 19 से 22 अगस्त तक विश्वविद्यालय प्रवेश पोर्टल
https://mgkvpadmission.samarth.edu.in पर सुधार का विकल्प मौजूद रहेगा। जिन अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र में संशोधन करना है वे आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी के नाम, जन्मतिथि और कोर्स में किसी भी तरह का संशोधन नहीं किया जा सकेगा।