वाराणसी। सरकार की मंशा के अनुरूप शहरी क्षेत्र के गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को पावर कॉरपोरेशन की ओर से नि:शुल्क कनेक्शन देने की शुरुआत हो गई है। बीते रविवार को सीएम ने काशी से योजना शुरू की। हालांकि योजना को लेकर लोगों में भ्रम की स्थिति है। कुछ लोगों को लग रहा है कि बिजली नि:शुल्क मिलेगी जबकि ऐसा नहीं है। सिर्फ कनेक्शन मुफ्त दिया जाएगा और कनेक्शन लेने वाले को प्रतिमाह न्यूनतम चार्ज के रूप में तकरीबन 175 से 200 रुपये तक प्रतिमाह जमा करने होंगे।
भेलूपुर उपखंड पर पहुंचे अंडा विक्रेता रामजी कुशवाहा ने कहा कि बिजली मुफ्त मिलने की सूचना पर फॉर्म लेने आए थे। लेकिन बताया गया प्रतिमाह चार्ज देना होगा। केवल कनेक्शन मुफ्त में होगा। यह स्थिति कई उपखंडों पर देखने को मिली।
पूर्वाचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता अश्वनी कुमार का कहना है कि 25,580 रुपये वार्षिक से कम आय वाले अंत्योदय लाभार्थियों को योजना में शामिल किया गया है। उज्ज्वला योजना के चयनित लाभार्थी, केंद्र सरकार से आवासीय योजना में आवंटी, तहसील से जारी गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वालों को कनेक्शन दिया जाएगा। लाभार्थियों को घर के सामने खड़े होकर पासपोर्ट फोटो व कुछ अन्य जरूरी दस्तावेज के साथ आवेदन उपखंड पर जमा करना होगा। उन्हें नि:शुल्क कनेक्शन दिया जाएगा।