वाराणसी। बुजुर्ग फ्र ांसीसी महिला से शूलटंकेश्वर स्थित श्रीगंगे रिसॉर्ट में बलात्कार एवं हत्या के प्रयास के आरोपी ओमप्रकाश पटेल को पुलिस ने गुरुवार की देर रात मिर्जापुर से गिरफ्तार कर लिया। वह मिर्जापुर के चुनार क्षेत्र के परसबंधा में अपने एक रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ था। पुलिस ने उसके कब्जे से महिला से लूटा गया कैमरा, दूरबीन और 4700 रुपये बरामद किए। आरोपी पिछले चार महीने से रिसॉर्ट में चौकीदारी करता था। एसएसपी नितिन तिवारी ने उसे शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में मीडिया के सामने पेश किया। आरोपी ओमप्रकाश चुनार (मिर्जापुर) क्षेत्र के दीक्षितपुर का रहने वाला है।
आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसने घटना की रात बुधवार को शराब पी रखी थी। वह जबरन फ्रांसीसी महिला के कमरे में घुस गया और उसे मारने-पीटने लगा। उस पर प्राण घातक हमले किए और रात में उसके साथ बलात्कार किया। गुरुवार की भोर में चार बजे तक वह रिसॉर्ट में रहा। इसके बाद वह गंगा किनारे पहुंचा और एक मल्लाह से कहा कि जल्दी गंगा पार करा दो, मेरी पत्नी की मौत हो गई है। इस पर मल्लाह ने भी उसे नाव से गंगा पार करा दिया। जबकि उसकी पत्नी की मौत करीब चार-पांच साल पहले ही हो चुकी है। वह झूठ बोलकर जिला छोड़कर भागने में कामयाब रहा। पुलिस आरोपी को जल्द ही पीड़ित फ्रांसीसी महिला के समक्ष भी पेश करेगी।
श्रीगंगे रिसॉर्ट का पंजीयन ही नहीं
फ्रांसीसी महिला के रहने की आला अधिकारियों को थी जानकारी
फ्रांसीसी महिला के श्रीगंगे रिसॉर्ट में रहने की जानकारी जिले के आला अधिकारियों को भी थी। कुछ दिन पहले ही महिला एक सामाजिक काम के लिए डीएम कार्यालय गई थीं। लोगों को यह भी पता था कि वह गंगे रिसार्ट में रहती हैं। जांच में पता चला है कि रिसॉर्ट का रजिस्ट्रेशन ही नहीं है। रिसॉर्ट के पास ही एक मंदिर है जहां वैवाहिक आयोजन होते हैं। शादियों में भी रिसॉर्ट की बुकिंग होती थी।
महिला के स्वास्थ्य में सुधार, अस्पताल से छुट्टी
जानलेवा हमले और रेप की शिकार फ्रांसीसी महिला की तबीयत में सुधार होने के बाद उसे शुक्रवार को कबीरचौरा स्थित जिला महिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल के प्राइवेट वार्ड में पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। प्रमुख अधीक्षक डॉ. शैला त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार सुबह उसके कान में दर्द की शिकायत पर विशेषज्ञ को बुलाकर जांच कराई गई। इसके बाद किरण संस्था के सदस्यों के साथ महिला को भेज दिया गया।