लोहता थाना क्षेत्र के छोटी कोईरान स्थित एक मकान में तीन थानों की संयुक्त टीम ने छापा मारकर बृहस्पतिवार की देर रात 114 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो चकमा देकर भागने में सफल रहे।
गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान कुशवाहा नगर के सत्यम मौर्या व ओमप्रकाश मौर्या और मिर्जापुर जिले के कछवा थाना के जमुआ निवासी राहुल जायसवाल के रूप में हुई है। प्रकरण में पुलिस को सन्नी जायसवाल और संजय जायसवाल की तलाश है। गिरफ्त में आए तीनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
वरुणा जोन के एडीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि बृहस्पतिवार को एसीपी रोहनिया विदुष कुमार सक्सेना और एसीपी कैंट डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी लोहता क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि छोटी कोईरान में एक मकान में बिहार से गांजा की खेप लाकर रखी गई है। इसे क्षेत्र में खपाया जाएगा। इस सूचना के आधार पर लोहता थाना प्रभारी राजकुमार पांडेय और कैंट व शिवपुर थाने की क्राइम टीम के साथ दोनों एसीपी ने छापा मारा। छापे में मकान के दो कमरों से गांजा की अवैध खेप बरामद की गई और मौके से तीन लोग पकड़े गए। पूछताछ में प्रदीप मौर्या ने बताया कि उसके घर में किराये पर कमरे लेकर राहुल जायसवाल गांजा का अवैध व्यापार करता था। एडीसीपी वरुणा जोन ने बताया कि मौके से भागे हुए दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।