नगरा। क्षेत्र के भगमलपुर मोड़ के समीप सोमवार की रात तेज रफ्तार बाइक सड़क पर पहले से खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा में भर्ती कराया जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य दो युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
नगरा थाना क्षेत्र के डिहवा निवासी वंदन शर्मा (20) पुत्र त्रिलोकी शर्मा, बबलू चौहान (30) और पंकज चौहान (24) पुत्रगण रामनिवास चौहान एक ही बाइक पर सवार होकर निमंत्रण में कहीं गए थे। बाइक वंदन चला रहा था। रात को करीब 11.30 बजे तीनों वापस घर जा रहे थे। जैसे ही वे सिकंदरपुर मार्ग पर भगमलपुर मोड़ के समीप पहुंचे कि सड़क के बीचोबीच डिवाइडर निर्माण के लिए लगाए गए छड़ को देख बाइक चालक संतुलन खो बैठा और बाए बगल खड़ी ट्रक में जा टकराई। जिससे बाइक सवार तीनों युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण व पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा घायल युवकों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने वंदन शर्मा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, इसी क्षेत्र के पांडेयपुर चट्टी के पास मंगलवार को पिकअप की टक्कर से घायल रिक्शा चालक की मौत हो गई। थाना क्षेत्र के सोनापाली निवासी काशी (70) पुत्र छेदी राजभर घर से रिक्शा लेकर नगरा आ रहा था। जैसे ही वह पांडेयपुर चट्टी पर आकर सड़क पार कर रहा था कि तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग व उसके परिजन घायलावस्था में रिक्शा चालक को नगरा स्थित निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल ले जा रहे थे कि जिसने रास्ते में दम तोड़ दिया।