बड़ागांव/शिवपुर। व्यासबाग के समीप और तरना फ्लाईओवर पर रविवार को चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बड़ागांव थाने के हेड कांस्टेबल और एक युवक का गला कट गया। घटनास्थल के समीप मौजूद रहे लोगों की मदद से दोनों को नजदीक के अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के बाद दोनों की हालत स्थिर बताई गई है।
बड़ागांव थाने पर तैनात हेड कांस्टेबल ज्ञानेश्वरमणि त्रिपाठी वाराणसी से बाइक से आ रहे थे। व्यासबाग के समीप चाइनीज मंझा उनके गले में फंस गया। हेलमेट उतारकर मंझा निकालने के दौरान गले के साथ ही हाथ की तीन अंगुलियां भी कट गईं। वहीं, शिवपुर क्षेत्र से सेहमलपुर स्थित घर जा रहे विनोद पांडेय तरना फ्लाईओवर पर चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए और उनका गला कट गया। क्षेत्रीय लोगों का कहना था कि आखिर प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मंझा कैसे बिक रहा है। चाइनीज मांझे बेचने वाले दुकानदारों पर प्रभावी तरीके से कार्रवाई क्यों नहीं की जाती है।
थाने का हेड कांस्टेबल चाइनीज मांझे से घायल हुआ तो रविवार को पुलिस हरकत में आई। बड़ागांव थाने की पुलिस ने बड़ागांव और बसनी बाजार में छापेमारी कर नौ बोरी चाइनीज मांझा बरामद किया और छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान कई दुकानदार अपनी दुकानों के शटर गिरा कर भाग निकले। इंस्पेक्टर बड़ागांव ने बताया कि आगे भी छापेमारी का अभियान जारी रहेगा।
चाइनीज मांझा के खिलाफ चांदपुर में ग्रामीणों ने राकेश कुमार पटेल के नेतृत्व में मार्च निकालकर विरोध जताया। इस दौरान वक्ताओं ने
चाइनीत मांझे के उपयोग न करने की अपील की। इस दौरान बबलू मौर्य, विनोद सिंह, आर डी यादव, अभिषेक कश्यप, प्रकाश भारद्वाज, रोशन पटेल, अमित जायसवाल, सत्यम कुमार, प्रद्युम्न यादव समेत कई लोग मौजूद रहे।