वाराणसी/ चिरईगांव/ चोलापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 नवंबर को15वें दौरे में अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों को 2400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का दिवाली गिफ्ट देंगे। इसमें दीनापुर एसटीपी के अलावा चौकाघाट, फुलवरिया और सरैंया के पंपिंग स्टेशन के लोकार्पण भी शामिल है। प्रधानमंत्री चौकाघाट से दीनापुर तक सीवर लाइन का लोकार्पण करेंगे। दीनापुर में बनने वाली 140 एमएलडी क्षमता वाली एसटीपी की मशीनों की टेस्टिंग का काम शुरू हो गया है। रामनगर में 72 करोड़ की लागत से 10 एमएलडी एसटीपी का शिलान्यास करेंगे।
एसटीपी न बनने के कारण लंबे समय से काशी की जनता सीवर की समस्या से जूझ रही है। दीनापुर एसटीपी के निर्माण से ढाई लाख आबादी वाले घर लाभान्वित होंगे। जल निगम के अभियंता विवेक सिंह ने बताया कि एसटीपी का काम पूरा हो चुका है। 10 नवंबर तक बागवानी और सड़क का काम भी पूरा हो जाएगा। टेस्टिंग के बाद तीन महीने ट्रायल होगा। 9 नवंबर को इससे ट्रीट होकर निकलने वाले पानी का इस्तेमाल सिंचाई के लिए होगा।
गोइठहां एसटीपी से सीवर पाइप लाइन से कनेक्शन बाकी
गोइठहां एसटीपी की क्षमता 120 एमएलडी है। प्रोजेक्ट मैनेजर शहनवाज ने बताया कि प्लांट तैयार है। वरुणा पार सभी सीवर लाइन को इस प्लांट से ज्वाइंट कर लिया गया है। सीवर पाइप लाइन के कनेक्शन का काम अगले माह तक पूरा हो जाएगा। इससे निकलने वाला ट्रीटेट पानी शारदा सहायक नहर के कैनाल से नवापुरा गांव में गिरेगा। शोधन के बाद सीवर को जैविक खाद के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। उधर, रमना एसटीपी 50 एमएलडी क्षमता का है। इसका काम 2019 में पूरा होगा।