वाराणसी। दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को उसके शौहर ने कागज के टुकड़े पर लिख कर दे दिया तलाक... तलाक... तलाक...। प्रकरण को लेकर विवाहिता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है और दोषी शौहर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जैतपुरा थाना अंतर्गत काजी सादुल्लाहपुरा की विवाहिता के अनुसार उसका निकाह फरवरी 2017 में हुआ था। निकाह के दौरान पिता ने सामर्थ्य के अनुसार पर्याप्त सामान और नगदी दिया था। ससुराल पहुंचते ही पति, सास-ससुर, देवर और ननद मायके से पांच लाख रुपये मंगवाने का दबाव बनाने लगे। सभी का कहना रहता था कि वो मायके से घटिया क्वालिटी के सामान लेकर आई है। विवाहिता ने एकाध-दो बार दबाव में आकर मायके से पैसा मंगा कर शौहर को दिया तो उसकी मांग बढ़ती चली गई। इसके बाद प्रताड़नाओं का सिलसिला भी बढ़ता चला गया और 22 सितंबर को उसे कमरे में बंद कर ससुराल वालों ने भोजन देना बंद कर दिया। आरोप है कि 23 सितंबर को मारपीट कर सादे कागज पर दस्तखत करा कर विवाहिता को ससुराल से भगा दिया गया। विवाहिता किसी तरह से मायके पहुंची और अपना उपचार कराई। इस बीच विवाहिता के पिता ने उसके शौहर को फोन कर कहा कि वो थाने पर जाकर शिकायत दर्ज कराएंगे। इस पर विवाहिता का शौहर उसके मायके आया और कागज के टुकड़े पर लिख कर दिया कि तलाक... तलाक... तलाक...। इसके साथ ही विवाहिता को धमकाया कि तलाक दे दिया हूं और जो बिगाड़ना होगा बिगाड़ लेना। विवाहिता के अनुसार उसने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है और उन्होंने आश्वस्त किया है कि मामले की जांच करा कर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस संबंध में इंस्पेक्टर जैतपुरा ने बताया कि फिलहाल हमारे थाने पर ऐसी कोई तहरीर नहीं आई है। प्रकरण का पता लगाकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।