लालानगर। माखन चोर कान्हा की बरही पर मंगलवार की रात गोपीगंज में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खड़हट्टी मोहाल में आयोजित प्रतियोगिता में कांजी हाउस के कृष्णा ग्रुप की टीम विजेता रही। इसके बाद सारी रात सांस्कृतिक कार्यक्रम चला, जिसमें श्रद्धालु झूमते रहे। प्रतियोगिता की विजेता टीम को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव सप्ताह के उपलक्ष्य में बुधवार को खड्हट्टी मोहाल में आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम में तीन ग्रुपों पसियान मोहाल से गोविंदा ग्रुप, कांजी हाउस से कृष्णा ग्रुप और खड़हट्टी मोहाल से बाल गोपाल ग्रुप के युवाओं ने प्रतिभाग किया। इसमें कांजी हाउस की टीम विजेता रही। इस टीम में सूरज, अमन, दीपक, अंकित, ऋषि, पप्पू, राजन, प्रभु, समीर शामिल थे। संचालक कमेटी ने ग्रुप के प्रत्येक विजेता को पांच सौ रुपये नगद के साथ शील्ड देकर सम्मानित किया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने जमकर धमाल मचाया। इसमें राधा कृष्ण की झांकी, शिव तांडव, काली माता का नृत्य लोगों ने सराहा। इस मौके पर आकाश, सोनू, प्रतीक, बंटी मोदनवाल, अभय समेत बड़ी संख्या में आयोजक और दर्शक मौजूद रहे।