वाराणसी। अवैध निर्माण के खिलाफ वीडीए द्वारा चलाए जा रहे अभियान के चौथे दिन कुल पांच भवनों को सील कर दिया गया। वीडीए उपाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि सारनाथ क्षेत्र के मवैया में कलावती पाल पत्नी सोमनाथ पाल द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत सेट बैक को कवर करते हुए उस पर निर्माण कराया जा रहा था। इस पर जेई प्रमोद कुमार तिवारी, जोनल अधिकारी अविनाश कुमार ने सील कर दिया, वहीं उसी क्षेत्र के एक और अवैध निर्माण को सील किया गया। साथ ही रवि किशोर पुत्र छोटेलाल सोयेपुर के अवैध आवासीय निर्माण का काम बंद कराकर उसे सील कर दिया गया है। इसके अलावा आदमपुर क्षेत्र के सैरयां के हारून व फारूक प्लाट संख्या पांच के अवैध निर्माण को वहीं कज्जाकपुरा के रमाकांत के अवैध निर्माण को सील किया गया है।