ज्ञानपुर। जिले में पल्स पोलियो अभियान का रविवार को जिला अस्पताल ज्ञानपुर में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश सिंह ने बच्चे को पोलियो की दवा पिलाकर शुभारंभ किया। उसके बाद सीएमओ और उनकी टीम ने पोलियो बुथों का निरीक्षण किया। सभी परिषदीय विद्यालय खुले पाए गए। पहले दिन बूथों पर दवा पिलाई गई। अब घर-घर जाकर पांच दिन तक पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।
सीएमओ ने बताया कि 283770 लक्ष्य के सापेक्ष पहले दिन बूथों पर 134245 बच्चों को दवा पिलाई गई। जो लक्ष्य का 47.30 फीसदी है। पिछली बार लक्ष्य के सापेक्ष पहले दिन बूथों पर 46 फीसदी बच्चों को दवा पिलाई गई थी। इस बार 1.30 फीसदी अधिक बच्चों को दवा पिलाई गई। उन्होंने कहा कि दवा पीने वंचित बच्चों को पांच दिन तक घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी। अभियान के शुभारंभ के अवसर पर डा. सगीर सिंह, नीरज मिश्रा, लोलारक सिंह आदि मौजूद थे।