वाराणसी। स्माइल टू स्माइल फाउंडेशन की ओर से रविवार को निवेदिता शिक्षा सदन इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच सामान्य ज्ञान, क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान सनबीम स्कूल के वात्सल्य अग्रवाल को स्टूडेंट आफ इ ईयर का खिताब मिला। जबकि अन्य चार छात्र लिटिल हैवेन इंग्लिश स्कूल से दिव्या सिंह, स्कूल आफ गुरुकुल से श्रेया गुप्ता, सेंट जांस वर्ल्ड स्कूल से आकांक्षा द्विवेदी को पुरस्कृत किया गया।
संस्था की ओर से विभिन्न विद्यालयों में कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यार्थियों के बीच कराई गई सामान्य ज्ञान, क्विज प्रतियोगिता के आधार पर ही स्टूडेंट आफ द ईयर का चयन करना था। इसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने प्रतिभाग कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। समारोह में उप प्रधानाचार्य मंजू, डॉ. नीरज यादव, अजीत श्रीवास्तव, प्रीति श्रीवास्तव, ममता, प्रतिभा आदि ने प्रतिभागियों में प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान किया। आशीष कुमार द्वारा गणेश वंदना के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में डांस बीट एकेडमी के कलाकारों ने ग्रुप डांस, उत्तम और उनकी टीम ने पापा कहते हैं बड़ा नाम करेगा गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कमांडो एकेडमी आफ मार्शल आर्ट के सदस्यों ने मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया। इस दौरान वात्सल्य अग्रवाल के साथ ही लिटिल हैवेन इंग्लिश स्कूल से दिव्या सिंह, स्कूल आफ गुरुकुल से श्रेया गुप्ता, सेंट जांस वर्ल्ड स्कूल से आकांक्षा द्विवेदी को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में राजवीर यादव, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, प्रतिमा मिश्रा आदि मौजूद रहे।