वाराणसी। कनाडा के ओंटेरियो राज्य में इसी साल तीन नवंबर को आयोजित होने वाले हिंदू हेरिटेज कार्यक्रम में मुुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि होंगे। इस कार्यक्रम में भारतीय मूल के 15 हजार लोग शामिल होते हैं। ओंटेरियो में विपक्ष के नेता पैट्रिक ब्राउन के नेतृत्व में यहां आए प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार शाम सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्हें कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया। सीएम ने कार्यक्रम में पहुंचने का भरोसा दिया है।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कनाडा के लोग यूपी से जुड़ना चाहते हैं और यहां निवेश करना चाहते हैं। दल में शामिल भारतीय मूल के कारोबारी वाराणसी और प्रदेश में पूंजी निवेश करने के इच्छुक हैं। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को इसी महीने लखनऊ में होने वाले इंवेस्टर्स मीट में आमंत्रित किया।
उत्तरी दिल्ली से भाजपा सांसद उदित राज के नेतृत्व में 16 सदस्यीय दल शाम करीब सात बजे सर्किट हाउस पहुंचा। करीब एक घंटे तक चली मुलाकात में ब्राउन ने सालिड वेस्ट मैनेजमेंट और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के काम में मदद करने का भरोसा दिया। काशी को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए दल के सदस्यों ने ओंटेरियो के विकास के मॉडल को अपनाने की सलाह दी। इसके लिए कनाडा में स्मार्ट फ्रेट विलेज पर जल्द ही होने इंटरनेशनल कांफ्रेंस में प्रदेश सरकार को शामिल होने का आमंत्रण दिया। सीएम ने कांफ्रेंस में सहभागिता करने का वादा किया।
प्रतिनिधिमंडल में ब्राउन के अलावा दीपिका देशवाल, साउथ एशियन डेवलपमेंट एंड मेंबरशिप ग्रोथ आफ पीसी पार्टी के निदेशक गुलाब सिंह सैनी, पीसी पार्टी के उपाध्यक्ष जग बदवाल, टूर निदेशक शिवराज, एमपीपी कैंडीडेट जस जोहल, नीना, अमरजोत संधू, दीपक आनंद, व्यापारी जतिंदरवीर बनवैत, अश्विनी, सुखबीर सिंह, लाज प्रसार, दलजीत सिंह और संजय सैनी शामिल रहे।
गंगा आरती देखकर हुए अभिभूत
प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को दशाश्वमेध घाट पर थोड़ी देर तक गंगा आरती देखी। दल के सदस्य आरती देख अभिभूत हो गए। सात ब्राह्मणों ने सभी को गंगा पूजन कराया। महामंडलेश्वर कैलाशानंद ने यहां चल रही आरती की महत्ता और पौराणिकता के बारे में जानकारी दी।