वाराणसी। बीएचयू के सर सुंदर लाल अस्पताल स्थित उमंग फार्मेसी के गार्ड भोला यादव का अपहरण कर लूटपाट करने का मामला मंगलवार की शाम सामने आया। लंका थाने पहुंचे भोला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उमंग फार्मेसी के दवा काउंटर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल कर एक युवक को हिरासत में लिया गया है।
चंदौली के रायपुर भोजपुर का निवासी भोला भगवानपुर में किराये पर कमरा लेकर रहता है और उमंग फार्मेसी में गार्ड के तौर पर काम करता है। भोला के अनुसार मंगलवार की शाम उमंग फार्मेसी पर छह से ज्यादा लोग दवा खरीदने आए थे। इसी दौरान पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। भोला ने बीचबचाव किया तो सभी उसे जबरन कार में खींच ले गए और डाफी टोल प्लाजा के समीप ले जाकर पिटाई की। इसके बाद सभी ने उससे 20 हजार रुपये बतौर रंगदारी मांगा। रुपये ना देने पर पर्स और मोबाइल छीनकर सभी रामनगर की ओर कार से भाग निकले। लंका थानाध्यक्ष ने बताया कि शिकायत मिलने पर एक नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उमंग फार्मेसी के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में छह युवक देखे गए हैं। उनमें से एक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।