वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में चल रही शिक्षक भर्ती प्रक्रिया पर राजभवन ने रोक लगा दी है। यह जानकारी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. यदुनाथ प्रसाद दूबे ने दी। शुक्रवार की देर रात राजभवन से आए पत्र के अनुसार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। इसके अलावा कुलपति की ओर से हटाए गए कुलसचिव प्रभाष द्विवेदी की यथा स्थिति बहाल करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही राजभवन ने शिक्षा शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष तीन डिग्री वाले प्रकरण में पूरी पत्रावलियां भी तलब की है। सूत्रों की मानें तो कुलपति को चेतावनी दी गई है दो दिनों के भीतर विश्वविद्यालय की स्थिति को सामान्य कर पठन पाठन के कार्य को सुचारू रूप से चालू कराएं। विश्वविद्यालय में रिक्त 72 पदों पर 24 अक्टूबर से साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू हुई थी। पिछले 21 दिनों से विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के विरोध में धरने पर बैठे रहे थे। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों का भी समर्थन उन्हें मिला था।