वाराणसी। निकाय चुनाव के लिए भाजपा में आवेदन सोमवार से लिए जाएंगे। प्रदेश प्रभारी गुलाब बाग स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर दिन में 12 बजे से बैठेेंगे। इसी दौरान आवेदन लेने की शुरुआत की जाएगी। यह औपचारिक शुरुआत होगी। वैसे सूत्रों की मानें तो पार्टी के पास महापौर पद के लिए सात, 90 पार्षदों के लिए 850, रामनगर पलिका अध्यक्ष के लिए चार, सभासद के 25 पदों के लिए 120, गंगापुर नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए तीन, सभासद के 10 पदों के लिए 30 आवेदन पार्टी के विभिन्न पटलों पर आ चुके हैं।
नगर निगम के महापौर, पार्षद और नगर पालिका अध्यक्ष का चयन प्रदेश समिति करेगी। नगर पालिका के सभासद, नगर पंचायत अध्यक्ष और सभासद का चयन क्षेत्र की समिति करेगी। इन्हीं के पास आवेदन किए जाएंगे। चुनाव आयोग से अधिसूचना जारी होने के बाद ही पार्टी प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी। निकाय चुनाव प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री सलिल विश्नोई ने कहा कि इस महीने के अंत तक या फिर नवंबर के प्रथम सप्ताह तक प्रत्याशियों की सूची जारी हो जाएगी। पार्टी गाइडलाइन के अनुसार प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा।