वाराणसी। होप वेलफयेर संस्था के ग्रीन ग्रुप की महिलाओं ने रविवार को आराजीलाइन ब्लॉक के गांवों में रैली निकालकर घरेलू हिंसा के खिलाफ हुंकार भरी। एसडीएम राजातालाब ईशा दुहन और सीओ सदर स्नेहा तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। साथ ही, ग्रुप के प्रयासों की सराहना की। सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान चलाने वाली ग्रुप की महिलाओं को ‘पुलिस मित्र’ का दर्जा देने का भी एलान किया।
भद्रासी, रामसीपुर, जगरदेवपुर गांव में 25 महिलाओं की ओर से बनाए गए ग्रीन ग्रुप के तीन महीने के प्रशिक्षण के बाद रविवार को घरेलू हिंसा सहित अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान की शुरुआत हुई। इस ग्रुप की महिलाएं प्रशिक्षण के पहले तक निरक्षर थीं लेकिन अब साक्षर हैं और अपने अधिकार के प्रति सचेत भी। एसडीएम ने कहा कि ग्रीन ग्रुप जैसे अभियानों की जरूरत सिर्फ बनारस नहीं बल्कि हर उस जगह है, जहां महिलाएं घरेलू हिंसा की शिकार हैं। शत प्रतिशत मतदान अभियान के समय सक्रिय भागीदारी और प्रशासनिक सहयोग के लिए उन्होंने ग्रीन ग्रुप की सराहना की। सीओ स्नेहा तिवारी ने ग्रुप की महिलाओं को पुलिस मित्र का दर्जा देने के साथ ही पुलिस की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। होप संस्था इससे पहले देवरा तथा खुशियारी गांव में ग्रीन ग्रुप का गठन कर चुकी है। जिनके कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया और इन पर डॉक्यूमेंट्री भी तैयार हुई है।
पर्यावरण और स्वच्छता की भी अलख
महिलाओं का ग्रीन ग्रुप गांवों में पौधरोपण और स्वच्छता का भी संदेश फैला रहा है। जनसमस्याओं पर प्रधान के साथ चौपाल लगाने से लेकर दहेज प्रथा और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी यह ग्रुप मुखर है। रविवार को हुए आयोजन में घमहापुर और परजनपुर के प्रधान को पर्यावरण सचेतक के तौर पर सम्मानित किया गया। पिछले साल कमिश्नर ने जिन गांवों में पौधरोपण किया था, उनके प्रधानों को सम्मान स्वरूप एक-एक पौधा भेंट किया गया। देउरा के ग्राम प्रधान शंभुनाथ ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में होप की ओर से रवि मिश्रा, दिव्यांशु उपाध्याय, धर्मेंद्र यादव, विकास, सौरभ राठौर, श्यामकांत, आकाश, संदीप आदि मौजूद रहे।