वाराणसी। मुकद्दस सफर हज पर जाने के क्रम में चौथे दिन गुरुवार को 465 हज यात्री मदीना गए। परिवार संग बनारस और आसपास के जिलों से पहुंचे लोगों को परिवार वालों ने दुआओं के साथ रवाना किया। चौथे दिन तीन फ्लाइट से जाइरीन गए, जिसमें सभी से 155-155 यात्रियों ने उड़ान भरी। उधर यात्रा पर जाने वालों को जो सिम दिया जा रहा है, उसे तोड़ते समय जो टुकड़ा निकलता है, उसे परिजन अपने पास रख ले रहे हैं, इसे जैकेट कहते हैं। खास बात यह है कि इसके बगैर न तो सिम एक्टिवेट होगा और न ही कभी रिचार्ज हो सकेगा। सेंट्रल हज कमेटी के सदस्य डॉ. इफ्तिखार अहमद जावेद ने बताया कि जाइरीनों और उनके परिजनों को समझाया जा रहा है कि वह सिम को मोबाइल में लगाए और अवशेष को सावधानी से रखें।