वाराणसी। लंका थानांतर्गत कामधेनु अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 103 में बुधवार की रात मृत पाए गए बीएचयू आईएमएस के रेडियो डायग्नोसिस एंड इमेजिंग विभाग के हेड रहे प्रो. अरविंद कुमार श्रीवास्तव (63) का गुरुवार को अंतिम संस्कार किया गया। खास बात यह है कि दिन में बीएचयू पोस्टमार्टम हाउस पर उनकी पत्नी और बेटा भी पहुंचे। हरिश्चंद्र घाट पर बेटे अपूर्व ने ही मुखाग्नि दी।
प्रो. श्रीवास्तव को लंबे समय से फेफड़े की बीमारी थी और उनका इलाज घर पर ही चल रहा था। सूत्रों की माने तो वर्ष 1994 में पत्नी से तलाक होने के बाद वह परिसर से बाहर रहने लगे थे वहीं पत्नी परिसर में रुईया हॉस्टल के वार्डेन कक्ष में रहती थी। बेटे के बारे में सूचना है कि वह बीएचयू ट्रामा सेंटर में ही कांट्रेक्ट बेस पर मल्टी टॉस्क वर्कर का काम करता है। सुबह करीब 11 बजे बंगलौर से उनके भाई पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो प्रक्रिया शुरू हुई। हालांकि अभी रिपोर्ट नहीं आई है लेकिन चिकित्सक मौत की वजह हार्ट अटैक बता रहे हैं। दोपहर करीब दो बजे पोस्टमार्टम के बाद वहां पत्नी और बेटा पहुंचे। इसके बाद उन्हें बीएचयू के ट्रक से हरिश्चंद्र घाट ले जाया गया, जहां बेटे ने मुखाग्नि दी।