वाराणसी। शिवपुर पुलिस ने रविवार की तड़के अलग-अलग स्थानों से दो इनामी बदमाशों को धरदबोचा। उनकी शिनाख्त पांच-पांच हजार के इनामी बदमाश चौबेपुर के उगापुर के अरविंद यादव और चंदौली के अलीनगर के ख्यालगढ़ के शशिभूषण सिंह के तौर पर हुई। अरविंद के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास व आर्म्स एक्ट के तीन और शशिभूषण के खिलाफ गैंगेस्टर, हत्या का प्रयास, लूट सहित अन्य आरोपों में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी नितिन तिवारी ने अपने कार्यालय में बताया कि थानाध्यक्ष शिवपुर शिवानंद मिश्र को शनिवार की रात ढाई बजे के लगभग सूचना मिली थी कि बाइक से एक बदमाश तरना बाजार की ओर से गुजरने वाला है। थानाध्यक्ष ने एसआई पर्व कुमार सिंह, प्रद्युमभनमणि त्रिपाठी, जितेंद्र सिंह, राहुल सिंह के साथ तरना पुल पर घेरेबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बाइक से आ रहे बदमाश ने फायरिंग कर भागने की कोशिश की लेकिन पीछा कर पुलिस ने दबोचा लिया।
पकड़े गए बदमाश अरविंद ने बताया कि उसके पिता की हत्या उगापुर के पूर्व प्रधान कैलाश यादव ने 24 नवंबर 2015 को अपने साथियों के साथ की थी। प्रतिशोध में उसने अपने भाई के साथ मिलकर बीते दो जनवरी को चंद्रावती बाजार में कैलाश यादव की हत्या कर दी थी। वहीं, भोर में चार बजे के लगभग थानाध्यक्ष शिवपुर ने गिलट बाजार तिराहा के पास से शशिभूषण को गिरफ्तार किया। शशिभूषण ने बताया कि नई उम्र के लड़कों की उसकी गैंग है। गैंग के सदस्य यूपी कॉलेज के छात्रों और उसके आसपास रहने वालों से वसूली करते हैं।
------
बाइक पर आगे पुलिस और पीछे भगवा स्टीकर
अरविंद चोरी की जिस बाइक पर सवार था, उसकी आगे की नेमप्लेट पर पुलिस और पीछे भगवा रंग का स्टीकर चस्पा था। उसने बताया कि आगे पुलिस लिखा होने से कहीं भी वाहन चेकिंग के दौरान उसे किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती थी।