वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे कार्यालय में शुक्रवार को दो रेल यात्री और 11 कर्मचारियों को एक्सीलेंस अवाॅर्ड देकर सम्मानित किया गया। पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने दुल्लहपुर के आदेश कुमार और जखनियां के श्रवण भारद्वाज को रेल के विकास के लिए उपहार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। ये दोनों रेलयात्री 22 नवंबर को गाड़ी संख्या 15112 डाउन से यात्रा कर रहे थे। राजवाड़ी-औड़िहार के बीच गोमती नदी की पुल संख्या 137 पर चेन पुलिंग कर दी गई और गाड़ी खड़ी हो गई। यह देख दोनों युवकों ने पुल पर जाकर चेनपुलिंग रिलीज कर दी। इनके अलावा रेलवे को सुरक्षा, स्वच्छता और रेल राजस्व अर्जित कराने वाले 11 कर्मचारियों को भी उत्कृष्टता पुरस्कार दिया गया। ट्रैक मेंटेनर संतोष सिंह यादव, तकनीशियन राजेश कुमार, कांटावाला रमण कुमार, कीमैन विपिन पाल, लोको पायलट सतीश कुमार राय, रुस्तम अली शामिल रहे।