11 एनडीआरएफ बटालियन में योग शिविर का आयोजन, 105 अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया भाग
- फोटो : Samvad
योगाभ्यास को बढ़ावा देते हुए 11वीं एनडीआरएफ बटालियन ने शनिवार को एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया। इसमें बटालियन के 105 अधिकारी और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इस शिविर का उद्देश्य जवानों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना है। योग प्रशिक्षण का संचालन योग विशेषज्ञ मनीष कुमार पांडेय ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने योग के नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। यह योग प्रशिक्षण कार्यक्रम योग वेलनेस सेंटर, स्वामी विवेकानंद स्मारक चिकित्सालय के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सालय के अधीक्षक क्षितिज तिवारी ने बताया कि बटालियन में प्रत्येक सप्ताह योग शिविर का आयोजन किया जाता है, जिससे जवानों का शारीरिक और मानसिक विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि योग न केवल फिटनेस को बढ़ाता है, बल्कि तनाव को कम करने और कार्यक्षमता को बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिविर में बटालियन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए सभी को प्रेरित किया। पूरे कार्यक्रम का वातावरण सकारात्मक ऊर्जा और अनुशासन से भरपूर रहा अंत में डिप्टी कमांडेंट रामभवन यादव ने जवानों में उत्साह भरा व भारत माता की जय घोष के साथ शिविर का समापन किया।