वाराणसी। संगठित गिरोह बनाकर लूट करने वाले गैंग के तीन अपराधियों को गिरफ्तार करने में शनिवार को एसटीएफ को सफलता मिली। गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों आजमगढ़ के मेहनगर निवासी विनोद राजभर, रवि प्रजापति व आजमगढ़ के देवगांव निवासी मोहम्मद आलम को देवगांव थानाक्षेत्र के बुढ़वा बाबा मंदिर के पास से पकड़ा गया। गिरोह के सदस्य आजमगढ़ व आस पास के जिलों में लूट आदि की घटनाओं को अंजाम देते थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अभिषेक सिंह के निर्देश पर फील्ड इकाई के निरीक्षक पुनीत परिहार के नेतृत्व में सुबूत जुटाए जा रहे थे। उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गैंग के कुछ सदस्य मंदिर के पास कुछ साथियों का इंतजार कर रहे हैं। टीम ने क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि गिरोह का सरगना रौनापार थाना क्षेत्र के कोलवा निवासी धर्मेंद्र पासी है जो आजमगढ़ जेल में बंद है। अभियुक्तों ने 13 दिसंबर 2018 को ग्राम असौसा में लूट सहित विभिन्न मामलों में संलिप्तता स्वीकार की। मेरठ के डिफेंस कॉलोनी स्थित एक सराफा व्यवसायी के यहां लूट करने की योजना बनाने के लिए एकत्रित हुए थे।