वाराणसी। संत रविदास मंदिर विस्तारीकरण परियोजना के लिए सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंदिर प्रबंधन के सदस्यों की बैठक हुई। इसमें आम सहमति से होने वाले विकास कार्यों पर मंथन किया गया। नौ फरवरी को मुख्यमंत्री वाराणसी दौरे में संत रविदास मंदिर जा सकते हैं और विस्तारीकरण पर निर्णय कर सकते हैं। माना जा रहा है कि 19 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंदिर विस्तारीकरण का शिलान्यास कर सकते हैं।
विकास प्राधिकरण ने 100 एकड़ जमीन पर संत रविदास मंदिर के विस्तारीकरण की योजना तैयार की है। कई चरणों में होने वाले विकास कार्यों में पहले चरण के काम का शिलान्यास 19 फरवरी को कराए जाने की तैयारी है। इसके लिए मंदिर प्रबंधन के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक की और सुझाव मांगे। उन्हें कार्ययोजना के बारे में भी बताया गया। मंदिर प्रबंधन ने सुझाव देने के लिए तीन दिन का समय मांगा है। माना जा रहा है कि नौ फरवरी के मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे में मंदिर प्रबंधन के साथ बैठक के बाद इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।