वाराणसी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्रों पर कापियां गुरुवार से पहुंचनी शुरू हो गई। 29 जनवरी तक होने वाले वितरण के पहले दिन कॉलेजों की संख्या बहुत कम रही। सुबह 10 बजे से शाम करीब चार बजे तक केवल 20 केंद्रों पर ही कापियां पहुंच सकी। वहीं, नियमों को अनदेखी करते हुए कई केंद्रों पर ठेले से ही कापियां ले जाई गई लेकिन किसी ने कोई आपत्ति नहीं की।
जिले में सात फरवरी से 149 केंद्रों पर बोर्ड परीक्षाएं कराई जानी है। इसके लिए केंद्रों पर वायस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने के साथ ही अन्य तैयारियां चल रही हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद से कापियां मिलने के बाद राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज स्थित नोडल सेंटर से गुरुवार को कापियों का वितरण शुरू हो गया। परिसर में गेट नंबर दो पर बने भंडार कक्ष से दिन में कोई चार पहिया गाड़ी तो कोई आटो और ठेला से ही कापी लेने पहुंचा। यहां से हाईस्कूल, इंटर की अलग-अलग बंडल की कापियां केंद्रों को दी गई। लापरवाही का आलम यह है कि ठेले पर ही कापियां लादकर ले जाया गया लेकिन न तो वितरण व्यवस्था में लगे लोगों ने इस पर आपत्ति जताई और न ही लहुराबीर चौराहे पर पुलिस चौकी पर खड़े पुलिसकर्मियों की नजर इस पर गई। इसके अलावा ई रिक्शा पर भी कापियां ले जाई गई। क्वींस इंटर कॉलेज से 29 जनवरी तक कापियों का वितरण होगा।
ठेले पर बोर्ड परीक्षा की कापियां ले जाना नियमों के विपरीत है। मामले में नोडल सेंटर के प्रभारी से बातचीत कर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों को कापियां बंद गाड़ियां में ही ले जाने का निर्देश दिया गया है। अनुपालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।-डॉ. विजय प्रकाश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक