बड़ागांव। कठिरांव (खरका) में शनिवार की रात मोबाइल की दुकान बंद कर घर जा रहे दुकानदार सूरज प्रसाद से बाइक सवार छह बदमाशों ने लूटपाट की। सूरज के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एक बदमाश पकड़ लिया पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। गिरफ्त में आए बदमाश की शिनाख्त जौनपुर जिले के जलालपुर थाना के नेवादा रेहटी निवासी रितेश सिंह के तौर पर हुई है।
मलहथ गांव निवासी सूरज की कठिरांव (खरका) में मोबाइल की दुकान है। वह शनिवार की रात साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। कुछ दूर जाने के बाद सूरज को दो बाइक सवार छह बदमाशों ने रोक लिया और तमंचा सटा कर उससे दो लैपटॉप, सोने की दो चेन और 25 हजार रुपये छीन कर भागने लगे। सूरज ने शोर मचाया तो ग्रामीण पहुंचे और एक बदमाश को बाइक से खींच कर मारापीटा और पुलिस को सौंप दिया। इस बारे में इंस्पेक्टर फूलपुर ने बताया कि गिरफ्त में आए रितेश सिंह से उसके पांच अन्य साथियों के नाम-पते की जानकारी मिली है। आरोपियोें की धरपकड़ के लिए पुलिस की दो टीम लगाई गई है।