वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के मद्देनजर शुक्रवार की दोपहर एसपीजी के सात सदस्यीय अधिकारियों का दल शहर पहुंच गया। एसपीजी के अधिकारियों ने डीरेका स्थित गेस्ट हाउस की जांच-पड़ताल के बाद उसे अपने कब्जे में ले लिया। प्रधानमंत्री शहर आगमन के दौरान डीरेका स्थित गेस्ट हाउस में ही ठहरते हैं।
एसपीजी के अधिकारियों ने जिला पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ बाबतपुर एयरपोर्ट, डीरेका, नरउर और बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल में एडवांस सिक्योरिटी लायजनिंग (एएसएल) बैठक की। एसपीजी के अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की विधिवत तलाशी ली जाए, लेकिन इसकी आड़ में किसी के साथ अभद्रता न हो। रूट डायवर्जन और यातायात संबंधी व्यवस्था मुकम्मल हो। बैरिकेडिंग सही तरीके से कराई जाए। इसके बाद एसपीजी के अधिकारियों ने विश्वनाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में लगने वाली फोर्स आ जाएगी। रविवार को ही फोर्स की ब्रीफिंग, डमी फ्लीट का ग्रैंड रिहर्सल और हेलीकॉप्टरों के टच एंड गो का रिहर्सल किया जाएगा। उधर, बीएचयू में हाल में हुए उपद्रव और प्रधानमंत्री के शहर आगमन को लेकर केंद्रीय खुफिया इकाइयों के अधिकारी अलर्ट हैं। पुलिस से कहा गया है कि बीएचयू परिसर में अनावश्यक हस्तक्षेप न करें।