औराई। एडीजी वाराणसी पीवी रामाशास्त्री सोमवार शाम चार बजे कोतवाली औराई पहुंचे। यहां करीब दो घंटे तक अफसरों की क्लास लगाकर उन्होंने सुरक्षा की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बकरीद और रक्षाबंधन पर्व को आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाने के लिए ताकीद किया। उन्होंने थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी से कहा कि सुरक्षा में किसी भी स्तर पर ढील न दी जाए। अति संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरे से निगरानी कराएं। प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी न हो। साथ ही कुर्बानी के बाद मलबे को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पर्वों को शांतिपूर्वक ढंग से मनाने के लिए पुलिस आम जनता से बेहतर तालमेल बनाए। एडीजी जब तक कोतवाली में रहे, तब तक चौराहे पर ड्रोन कैमरे से निगरानी होती रही। इस मौके पर एसपी राजेश एस, एएसपी संजय कुमार, सीओ रामकरन आदि रहे।