विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष प्रवीण तोगडि़या ने कहा कि भाजपा सरकार को राम मंदिर पर कानून बनाकर मंदिर बनाना होगा नहीं तो बाबा कालभैरव उनको दंड देंगे। भाजपा ऐसा नहीं करती है तो जनता भी जवाब मांगेगी। केंद्र सरकार को मंदिर बनवाने के वायदे को हर हाल में पूरा करना होगा। कांग्रेस व भाजपा की खींचतान में आपातकाल की चर्चा हो रही है लेकिन किसानों और युवाओं की समस्या पर कोई विचार नहीं किया जा रहा है।
बुधवार की शाम को बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने प्रवीण तोगडि़या काशी पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि वह अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की सफलता की कामना के लिए बाबा के दरबार में आए हैं। यह संगठन हिंदुओं से संबंधित किसी भी समस्या को दूर करने का प्रयास करेगा। ढुंढिराज दर्शन के बाद बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर ज्ञानवापी कूप का जल ग्रहण किया। इसके उपरांत वह अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे और माता का दर्शन करने के बाद महंत रामेश्वरपुरी से आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि बाबा से मैने हिंदुओं की धर्म रक्षा, किसानों की स्थिति और युवाओं को रोजगार के लिए कामना की है।