वाराणसी। सोना तालाब स्थित वाराणसी फन सिटी तथा कोतवाली थाना क्षेत्र के अंबिया मंडी इलाके में शुक्रवार को आग लगने की घटनाओं में लाखों का सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। पहली घटना सोना तालाब के वाराणसी फन सिटी वाटर पार्क में घटी। देर शाम 7:30 बजे तीसरी मंजिल पर प्लास्टिक के भूत बंगले में आग लग गई। आनन-फानन में मौजूद लोगों को सुरक्षित निकाल कर आग पर काबू पाया गया। वाटर पार्क संचालक लोकपति सिंह मौर्या ने बताया कि आग के चलते लाखों का सामान जल गया है। हालांकि आग का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है लेकिन बताया जा रहा है कि शार्ट सर्किट से घटना हुई है। मौके पर फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी भी पहुंची।
दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के अंबियामंडी इलाके के दुल्लीगढ़ही में गैस रिसाव से साड़ी व्यवसायी शमसुल होदा के चार मंजिला मकान में आग लग गई। धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। होदा के चार मंजिला मकान में पहले तल पर रसोई घर है। शाम के वक्त घर की महिलाएं काम कर रही थीं। इस दौरान गैस रिसाव से आग लग गई। जब तक परिवार के लोग आग पर काबू पाने का प्रयास करते, आग ने विकराल रूप ले लिया। इस दौरान आसपास रहने वाले लोग सहम गए और घरों से बाहर निकल आए थे।