ज्ञानपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को सतर्कता एवं निगरानी समिति की मैराथन बैठक में अधिकारियों के कार्य करने के ढर्रे को लेकर माननीय तल्ख रहे। सांसद से लेकर तीनों विधायकों ने कई विभागों को खरी-खोटी सुनाते हुए कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए कहा। पांच घंटे तक चली बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली विभाग से जुड़े मुद्दे ही छाए रहे। सांसद ने बैठक के दौरान अफसरों को 15 दिन के अंदर सभी कार्यों को अमल में लाने का निर्देश दिया।
किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में दोपहर साढ़े 12 बजे निगरानी समिति की बैठक शुरू हुई। पूर्व की बैठक में की गई शिकायतों पर संजीदा न रहने वाले विभाग माननीयों के निशाने पर रहे। कागजी कोरम पूरा करने पर सांसद ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जो भी बात कहें, उसका कड़ाई से पालन किया जाए। लोकतंत्र में संवाद से ही समस्याओं का समाधान होना चाहिए। सांसद ने स्वास्थ्य विभाग, बेसिक शिक्षा, बिजली विभाग, पूर्ति विभाग की योजनाओं का संचालन ठीक न होने पर नाराजगी जताई। अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पात्र 100 लाभार्थियों की सूची लेकर हैंडपंप स्थापित कराएं। इस मौके पर ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र, भदोही विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी, औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर, जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक, सांसद प्रतिनिधि शैलेंद्र दूबे, सीडीओ हरिशंकर सिंह, आरबी मौर्य, सतीश सिंह आदि मौजूद रहे।