वाराणसी। बोर्ड परीक्षा के केंद्र निर्धारण के लिए बुधवार को देर रात तक डाटा फीडिंग का काम चलता रहा। अंतिम दिन 162 विद्यालयों ने अपना डाटा आनलाइन किया। इसके पूर्व मंगलवार तक 224 विद्यालयों की सूचना को आनलाइन किया गया था। प्रधानाचार्यों के वेतन रोकने के निर्देश के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर डाटा दुरुस्त करने के लिए भीड़ उमड़ी रही।
जिले में 385 विद्यालय हैं और दो वर्ष पूरा नहीं करने वाले तकरीबन दो दर्जन विद्यालय पहले ही सेंटर की दौड़ से बाहर हो चुके हैं। इसके अलावा ऑनलाइन फ ीडिंग में तकरीबन सौ विद्यालय भी सेंटर की कसौटी पर फेल हो गए हैं। बात करें पूरे मंडल की तो तकरीबन एक हजार विद्यालय संचालकों ने जानकारी वेबसाइट पर नहीं डाली। इसमें सबसे खराब स्थिति गाजीपुर की है। गुरुवार से संयुक्त शिक्षा निदेशक अजय द्विवेदी डीआइओएस के माध्यम से मंडल के विद्यालयों की समीक्षा करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी राय का कहना है कि केंद्र के लिहाज से जानकारियों का सत्यापन करा लिया गया है।