सेवापुरी। ग्राम प्रधानों ने पैंतरा बदलते हुए स्ट्रीट लाइट घोटाले में कई और लोगों की भूमिका पर सवाल उठाया है। ग्राम प्रधान संघ इस मामले में लाइट आपूर्तिकर्ताओं को दोषी ठहरा रहा है। प्रधान संघ की जिला उपाध्यक्ष और घोटाले में आरोपित बेसहुपुर की ग्राम प्रधान श्वेता मौर्या के साथ महंगीपुर के प्रधान स्वामी शंकर पटेल, राखी नेवादा के प्रधान प्रतिनिधि शशिकांत यादव ने अमर उजाला संवाददाता को पत्र भेज कर कहा कि घोटाले में मुख्य रूप से स्ट्रीट लाइट आपूर्ति करने वाले दोषी हैं। उन्होंने प्रधानों को धोखे में रख लोकल लाइटें लगवा कर ढाई गुना से ज्यादा धन का भुगतान करा लिया है। कहा कि 25 अगस्त को डीएम से वार्ता प्रस्तावित है, जिसमें प्रधान और सचिवों के बजाय आपूर्तिकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज कराने और नई स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की जाएगी। वहीं, भाजपा के जिला महामंत्री प्रभात सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर लाइट घोटाले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की जाएगी।