वाराणसी। सपा के विधान परिषद सदस्य शतरुद्र प्रकाश ने गड्ढामुक्त अभियान का सच पीएम नरेंद्र मोदी को भेजने के बाद सोमवार को पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता से मुलाकात कर आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने अभियान के तहत विभागीय अधिकारियों पर गलत सूचना भेजने का आरोप लगाया है। इस दौरान पंचक्रोशी मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण के नाम पर पीडब्ल्यूडी की ओर से दी गई ध्वस्तीकरण की नोटिस को भी गैर कानूनी बताया।
एमएलसी ने बताया कि उन्होंने खुद सड़कों का निरीक्षण किया था। जिन सड़कों को पीडब्ल्यूडी ने कागज पर गडढामुक्त दिखाया है। असल में वह गड्ढामुक्त नहीं गड्ढायुक्त है। गुरूबाग तिराहे से कमच्छा, सिगरा से महमूरगंज, रथयात्रा चौराहे से भुल्लनपुर, लहरतारा से बीएचयू, सामनेघाट से बालाजी नगर कालोनी, शास्त्री नगर कालोनी, पुलिस लाइन चौराहे से गोदौलिया पार्किंग की सड़कों की हकीकत बताई।
मुख्य अभियंता बकाया ने एमएलसी को आश्वस्त किया कि आठ जुलाई तक इन सड़कों गडढामुक्त करा दिया जाएगा। साथ ही पंचक्रोशी मार्ग पर नोटिस के संबंध में अपने मातहतों को अधिसूचना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मुलाकात करने वालों में एमएलसी के अलावा रामशरण बिंद, अगमनाथ, बरसाती मिश्र, राजेश यादव, श्याम बाबू यादव, सुनील राजभर, अमरनाथ यादव, अजय बिंद, विशाल यादव आदि शामिल रहे।