माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। काशी में शुक्रवार और शनिवार की रात करीब 10 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई। पूरी रात कड़कड़ाती बिजली ने काशीवासियों को सहमा दिया। पूरी रात कभी रुक-रुककर तो कभी तेज बारिश होती रही। रात में तापमान गिरकर 20 डिग्री से भी नीचे चला गया और ठंडक सी महसूस होने लगी। वहीं, बारिश के चलते ही शनिवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री लुढ़ककर 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य के बराबर 19 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक जिले में 31 मार्च को फिर से बारिश का पूर्वानुमान है। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के पूर्वी दिशा में आगे बढ़ने के साथ ही बिहार सीमा से लगे पूर्वांचल के सीमावर्ती जिलों को छोड़कर प्रदेश के बाकी भागों में मौसम साफ हो रहा।