अर्दली बाजार निवासी शाहिद हुसैन से पांच रुपये मंगवा कर उनके बैंक खातों से एक जालसाज ने 1,14,133 रुपये उड़ा दिए। शाहिद ने कैंट थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित शाहिद हुसैन ने बताया कि उनके मोबाइल पर बीते 17 जनवरी को एक कॉल आई थी। फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम अंकित बताया था। उसने कहा था कि आपका कोरियर एजेंसी में होल्ड किया गया है। वह आपके घर पहुंच जाए, इसके लिए पांच रुपये का भुगतान करना होगा। आपके मोबाइल पर लिंक भेजा जा रहा है। क्लिक करके भुगतान कर दीजिए। वह अपने कामकाज में व्यस्त थे। इस कारण उन्होंने ध्यान नहीं दिया और लिंक पर क्लिक कर पांच रुपये का भुगतान कर दिया। इसके बाद 18 जनवरी को बैंक खाते से 99,992 रुपये निकाल लिए गए। 19 फरवरी को 14,141 रुपये और निकाले जाने का एसएमएस आ गया। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट प्रभुकांत ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।