चीन के जियांगयिन में 5 से 10 अप्रैल तक आयोजित 10वें वुशू विश्वकप-2025 में भारतीय वुशू एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया। मेरठ की बेटी छवि रुहेला ने 48 किलोग्राम भारवर्ग में अपने प्रतिद्वंद्वी को मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। इसके साथ ही उनका रजत पदक पक्का हो गया है। छवि ने अपनी पुर्तगाली प्रतिद्वंद्वी पर जोरदार जीत दर्ज की। अब वह फाइनल में वियतनाम की खिलाड़ी से भिड़ेंगी।
रोहटा निवासी छवि रुहेला सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। जनवरी में आयोजित नेशनल गेम्स में भी उन्होंने उत्तर प्रदेश की ओर से प्रतिभाग करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसके अलावा खेलो इंडिया गेम्स में उन्होंने सीआरपीएफ की टीम की ओर से प्रतिभाग कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया है।
कैलाश प्रकाश स्टेडियम में वुशू कोच नेहा कश्यप ने बताया कि छवि इससे पहले एशियाई गेम्स और विश्व चैंपियनशिप में भी पदक जीत चुकी हैं। विगत चार साल से वह लगातार अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में पदक जीत रही है। भारतीय टीम का छह सदस्य दल चीन में विश्व चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर रहा है। यह मेरठ के लिए गर्व की बात है कि छवि रुहेला के अलावा विश्व कप टीम के कोच के रूप में मेरठ के अमित पाल मौजूद हैं। पल्लवपुरम के पल्हैड़ा गांव निवासी अमित पाल खुद भी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रहे हैं और फिलहाल सेना में नायब सूबेदार के रूप में तैनात हैं।