आम आदमी पार्टी के मुखिया व अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में पुरानी सरकारों ने कब्रिस्तान और योगी जी ने श्मशान बनवाए, लेकिन यदि हमें मौका मिला तो यहां स्कूल, अस्पताल बनवाएंगे। यही नहीं प्रदेश में सरकार बनने पर 18 साल से ऊपर की सभी महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए सम्मान राशि के रूप में दिए जाएंगे। साथ ही बिजली व्यवस्था दुरुस्त होगी, दिल्ली की तरह उप्र. में भी मुफ्त बिजली मिलेगी और बेरोजगारों को रोजगार दिया जाएगा।
केजरीवाल ने खुद को बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का परम भक्त बताते हुए कहा कि बाबा साहब का सपना था कि देश के हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिले। उनका सपना पूरा करने की हमने कसम खायी है, भले ही इसमें पूरा जीवन चला जाए। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल बाद भी सरकारों ने लोगों को जानबूझकर अनपढ़ रखा। मेरा वादा है कि मैं सभी को अच्छी शिक्षा दूंगा। इसके साथ ही बेरोजगारों को हर साल 10 लाख नौकरियां और प्रति माह पांच हजार रुपये का बेरोजगारी भत्ता देंगे।
यही नहीं उन्होंने सरकार बनने पर प्रदेश के हर व्यक्ति को अयोध्या ले जाकर दर्शन कराने और अजमेर शरीफ जाने वालों को वहां भेजने की बात कही। उन्होंने लोगों से कहा कि मुझे राजनीति नहीं आती। सबको मौका दिया है। पांच साल आम आदमी पार्टी की सरकार को भी देख लो। उन्होंने कहा कि पूरे पांच साल काम करूंगा। काम न कर पाए तो वोट मांगने नहीं आऊंगा। रैली को प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने भी संबोधित किया।
योगी आकर देखें दिल्ली के स्कूल
केजरीवाल ने प्रदेश के स्कूलों की स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया यहां स्कूल देखने आए थे, लेकिन पुुलिस लगाकर उन्हें रोक दिया गया। मैं योगी जी को आमंत्रित करता हूं। दिल्ली के किसी भी स्कूल का निरीक्षण कर लें।