राज्य सरकार के निर्देशानुसार पहली अप्रैल से जनपद में गेहूं खरीद केंद्र चालू होने थे, लेकिन प्रशासन के एड़ी चोटी का जोर लगाने के बाद भी अभी तक महज 31 केंद्र ही शुरू हो सके हैं।
जनपद में कुल 90 गेहूं खरीद केंद्र खोले जाने हैं, लेकिन अभी तक आधे से ज्यादा क्रय केंद्र नहीं खोले जा सके हैं।
इस बार 1,350 रुपये क्विंटल की दर से लगभग 91,500 मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित है। पिछले साल 85 हजार मीट्रिक टन गेहूं 1,285 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा गया था। गेहूं खरीद के साथ ही इसके भंडारण की कवायद भी शुरू हो गई है।
अफसरों का दावा है कि भंडारण के लिए जगह की पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है, लेकिन हर साल जगह की किल्लत से सड़ने वाले अनाज का क्या इस बार सुरक्षित स्टोरेज हो पाएगा, यह सवाल अभी से ही खरीद एजेंसियों और जिला प्रशासन को परेशान कर रहा है।
हकीकत
-गोदामों की कुल क्षमता 3 लाख 82 हजार 342 मीट्रिक टन।
-वर्तमान में 1 लाख 48 हजार 648 मीट्रिक टन अनाज भंडारित।
अफसरों का दावा
एफसीआई के रीजनल मैनेजर आरएल सेठी का दावा है कि वित्तीय वर्ष 2013-14 के लिए 2 लाख 20 हजार मीट्रिक टन गेहूं का भंडारण के लिए जगह का इंतजाम करने का निर्देश दिया गया है, जबकि वर्तमान में 2 लाख 50 हजार मीट्रिक टन भंडारण की जगह गोदामों में खाली है।
भंडारण क्षमता
1. एफसीआई गोदाम हरदुआगंज में 82,200 मीट्रिक टन कवर्ड और 3,150 एमटी खुले में। वर्तमान में 9,981 मीट्रिक टन गेहूं गोदामों में है।
2. हाथरस में 13,360 मीट्रिक टन कवर्ड और 840 मीट्रिक टन खुले एरिया में। वर्तमान में 5,131 मीट्रिक टन का भंडारण है।
3. मथुरा में 13,100 मीट्रिक टन क्षमता के सापेक्ष वर्तमान में 6,068 मीट्रिक टन अनाज का हो रहा है भंडारण।
4. कोसीकलां में 58,000 मीट्रिक टन क्षमता के सापेक्ष वर्तमान में 38,584 मीट्रिक टन अनाज का भंडारण।
5. एसडब्ल्यूसी अतरौली में 6,100 मीट्रिक टन के सापेक्ष वर्तमान में 1,024 मीट्रिक टन अनाज का भंडारण।
6. एटा में 11,890 मीट्रिक टन के सापेक्ष 7,927 मीट्रिक टन अनाज का भंडारण वर्तमान में हो रहा है।
7. कासगंज में 9,160 मीट्रिक टन के सापेक्ष 6,030 मीट्रिक टन अनाज का भंडारण वर्तमान में हो रहा है।
8. एसडब्लयूसी कासगंज में 8,800 मीट्रिक टन।
9. एसडब्लयूसी एटा में 68,816 मीट्रिक टन के सापेक्ष वर्तमान में 38,217 मीट्रिक टन अनाज का भंडारण।
10. एसडब्ल्यूसी खैर/अलीगढ़ में 52,000 मीट्रिक टन के सापेक्ष 27,463 मीट्रिक टन भंडारण वर्तमान में।