चतुर्थ चरण के लिए चार ब्लाकों की जिला पंचायत सदस्य सीटों के लिए शनिवार को अंतिम दिन 40 नामांकन पत्र दाखिल हुए। पहले दिन 130 पर्च दाखिल हुए थे। अब तक नामांकन पत्र 171 हो गए हैं। इसी प्रकार ब्लाक कार्यालय में क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
पाटन संवाददाता के अनुसार ब्लाक सुमेरपुर की 76 क्षेत्र पंचायत सदस्य सीटों के लिए 455 नामांकन पत्र दाखिल हुए, इनमें 164 महिला व 291 पुरुष प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया।
बीघापुर प्रतिनिधि के अनुसार, प्रक्रिया के दूसरे व अंतिम दिन 101 नामांकन पत्र जमा हुए। 68 क्षेत्र पंचायत सदस्य सीटों के लिए 345 दावेदारों ने पर्चे दाखिल किए। इसी प्रकार सिकंदरपुर सरोसी में दूसरे दिन 107 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन कराया।
अचलगंज संवाददाता के अनुसार, सिकंदरपुर कर्ण ब्लाक की बीडीसी सीटों के लिए दूसरे और अंतिम दिन शनिवार को 94 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया, यहां अब कुल उम्मीदवारों की संख्या 626 हो गई है। कलेक्ट्रेट और ब्लाकों में पर्चों की जांच 14 व 15 अक्तूबर को होगी। 16 अक्तूबर को नाम वापस लिया जा सकेगा।
घोड़ों से प्रचार की सूचना पर पहुंची पुलिस- अजगैन (उन्नाव)। नवाबगंज प्रथम सीट से एक उम्मीदवार द्वारा घोड़ों से प्रचार कराए जाने की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस को आते देख घोड़ों से प्रचार कर रहे लोग भाग खड़े हुए।
मदिरा के अवैध कारोबार पर अंकुश को करें चेकिंग- उन्नाव। सचिव कमल सक्सेना ने जिला व पुलिस प्रशासन को भेजे पत्र में मदिरा के अवैध कारोबार व उसकी तस्करी को रोकने के लिए संयुक्त टीम बनाकर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
बताया है कि मजिस्ट्रेट, पुलिस, राजस्व कर्मियों एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। अभियान का सघन पर्यवेक्षण जिला मजिस्ट्रेट/पुलिस अधीक्षक करेंगे।