पुरवा। शादी का झांसा देकर युवती से नजदीकी बढ़ाने और गर्भवती होने के बाद युवक ने शादी से इंकार कर दिया। पीड़िता व परिवार ने दबाव बनाया लेकिन युवक तैयार नहीं हुआ। युवती के परिजनों द्वारा मिली सूचना पर पुलिस ने युवक व उसके घरवालों को कार्रवाई की चेतावनी दी तो युवक व उसका परिवार शादी के लिए तैयार हो गया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों ने मंदिर में शादी की।
पुरवा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की पड़ोस के गांव की 20 वर्षीय युवती से एक साल पूर्व नजदीकियां हो गईं। गर्भवती होने पर युवती के परिजनों ने शादी करने को कहा तो युवक ने मना कर दिया। युवती के परिजनों ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल केएन पांडेय ने युवक व उसके परिजनों को बुलाया। दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर वार्ता कराई। युवक के मना करनेे पर कोतवाल ने रिपोर्ट दर्ज करने का फैसला लिया। इस पर युवक व उसके परिजन शादी करने के लिए तैयार हो गए। कोतवाली परिसर में बने मंदिर में ही हिंदू रीति रिवाज से दोनों वैवाहिक बंधन में बंधे। आचार्य ने विधिविधान से विवाह संपन्न कराया। कोतवाल ने बताया कि एसआई दृगपाल सिंह की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने लिखित सुलह-समझौता कर शादी की है।