सफीपुर कोतवाली के करवांशा गांव में गाली देने का विरोध करने पर पेट्रोलपंप कर्मी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वहीं बचाने पहुंचे मृतक के मामा व ममेरा भाई घायल हो गए। हत्या की सूचना पर तीन थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। मृतक के पिता ने तीन लोगों पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो अभी भी फरार हैं।
करवांशा गांव निवासी नित्यानंद उर्फ नीतू पुत्र चेतरात शराब पीकर सोमवार रात गालीगलौज कर रहा था। पड़ोसी रामदुलारी पत्नी भीखा ने विरोध किया। इससे विवाद बढ़ गया। इस पर रामदुलारी का नाती सर्वेश (22) पुत्र रामऔतार मामले को शांत कराने पहुंचा लेकिन बात और बढ़ गई। नित्यानंद के साथ उसके चचेरे भाई सुरेंद्र पुत्र दयाराम व चेतराम पुत्र स्व. सुखई ने सर्वेश को पीट दिया।
सर्वेश के मामा सियाराम (40) व उनका बेटा आशीष (12) बचाने पहुंच गए। इस दौरान नित्यानंद ने चाकू से सर्वेश के पेट व बाजू में वार कर दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं मामा सियाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायल को सीएचसी लाए जहां से कानपुर हैलट लेकर चले गए। बाद में सफीपुर, माखी व फतेहपुर चौरासी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच की। हत्यारोपियों में पुलिस ने सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि नित्यानंद व चेतराम अभी भी फरार हैं। सर्वेश बरभौला गांव के पेट्रोलपंप पर काम करता था। पिता रामऔतार की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी कोतवाल सुरेश ने बताया कि एक को गिरफ्तार कर लिया है। दो की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
चार भाइयों में तीसरे नंबर का था
मृतक सर्वेश चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। वह बरभौला के एक पेट्रोलपंप पर नौकरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। उसकी मौत से घर में कोहराम मच गया। मृतक के भाई सरोज ने बताया कि नित्यानंद के पास चाकू थी। वह पहले ही हत्या करने की फिराक में था।
महिलाओं से पहले हुआ था विवाद
रामदुलारी व नित्यानंद के परिवार की महिलाओं से पहले भी विवाद हो चुका है। सोमवार रात भी महिलाओं में ही विवाद हुआ था। उसके बाद से घटना ने तूल पकड़ लिया। इसी बीच न्त्यिानंद घर से चला गया। शराब पीकर वापस लौटा और गालीगलौज करने लगा। इससे विवाद बढ़ा और वारदात हो गई।