हसनगंज। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर बाइकों में टक्कर होने से युवक गंभीर घायल हो गया। मियागंज सीएचसी से जिला अस्पताल लेकर जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद दूसरी में बाइक सवार युवक भाग निकला।
कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर बुजुर्ग गांव निवासी अनिरुद्ध (32) पुत्र राम सिंह खेती कर परिवार का पालन पोषण करता था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह मियागंज से घर लौट रहा था। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर मूसेपुर गांव के पास मोहान की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में अनिरुद्ध गंभीर घायल हो गया। राहगीरों ने उसे मियागंज सीएचसी पहुंचाया साथ ही परिजनों को फोन से सूचना दी। परिजन आने के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से मां जयाप्रदा, पत्नी सुकांति और अन्य परिजन बेहाल हैं। मृतक के पांच साल की बेटी अनुपमा है।कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि बाइक की टक्कर से युवक की मौत हुई है। अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम कराया गया है।