- डेंगू, मलेरिया के बाद अब एंसेफलाइटिस का मामला आया सामने
संवाद न्यूज एजेंसी इंसेफिलाइटिस
उन्नाव /हसनगंज। क्षेत्र में डेंगू के बाद एक युवक में जापानी एंसेफलाइटिस का संक्रमण पाया गया है। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां युवक का इलाज किया जा रहा है।
जिले में डेंगू और मलेरिया का प्रकोप अभी शांत नहीं हुआ कि जापानी एंसेफलाइटिस का मामला सामने आया है। हसनगंज के सलेमपुर गांव निवासी विकास (22) में जापानी एंसेफलाइटिस की पुष्टि हुई है। युवक के पिता प्यारेलाल ने बताया कि बेटे को कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। इस पर उसे 13 सितंबर को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत में सुधार न होने पर लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।
यहां भी हालत ठीक न होने पर लखनऊ के एक दूसरे अस्पताल में इलाज कराया। तबीयत ठीक होने के बाद वापस घर ले आए। इसके बाद दोबारा फिर युवक की तबीयत बिगड़ गई। इस पर परिजनों ने युवक को लखनऊ स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां 21 अक्तूबर को आई जांच रिपोर्ट में युवक को जापानी एंसेफलाइटिस की पुष्टि हुई है। सीएमओ डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि लखनऊ मेडिकल कॉलेज से सत्यापन कराया जा रहा है। पुष्टि होने पर टीम भेजकर जांच और बचाव संबंधी कार्य किए जाएंगे।