बांगरमऊ। साली की शादी में शामिल होने जा रहा युवक वाहन की टक्कर से घायल हो गया। कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
हरदोई जिले के थाना मल्लावां के लोनार गांव निवासी कमलू (30) बुधवार देर शाम साली की शादी में शामिल होने उन्नाव के फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के गांव पाल्हेपुर गांव जा रहा था। भुड्डा-गहरपुरवा मार्ग पर मुन्नीपुरवा गांव के पास किसी वाहन की टक्कर से वह घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे सीएचसी फिर कानपुर के निजी अस्पताल लेकर चले गए, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। घटना के समय पत्नी मायके में थी। मौत की सूचना से खुशियां मातम में बदल गईं। शादी की औपचारिकता पूरी कर शादी संपन्न हुई। एसओ राजकुमार ने बताया कि घायल की मौत होने की कोई सूचना नहीं दी गई है।