बेहटामुजावर। गौरियाकला-तकिया मार्ग पर बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत हो गई। घटना में वृद्ध सहित तीन लोग घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
थानाक्षेत्र के कांटा गुलजारपुर गांव निवासी अरबाज (20) पुत्र नौशाद रविवार दोपहर बाइक से तकिया चौराहा आए थे। काम निपटाकर घर लौटते समय गौरियाकला-तकिया मार्ग पर पवारनखेड़ा के पास सामने से आ रही बाइक से टकरा गए।
घटना में अरबाज के साथ दूसरी बाइक सवार थानाक्षेत्र के अशरफाबाद निवासी अजय (22), भ्योंड़ी गांव निवासी दीपू (26) और दीपू के पिता ओमशंकर (60) घायल हो गए। एंबुलेंस से घायलों को बांगरमऊ सीएचसी भेजा गया। डॉक्टर ने अरबाज को मृत घोषित कर दिया। दूसरी बाइक सवार तीनों को जिला अस्पताल रेफर किया।
ओमशंकर लुधियाना पंजाब में काम करते हैं। बेटा दीपू उन्हें तकिया चौराहा छोड़ने जा रहा था। अरबाज की मौत से घर में कोहराम मच गया। वह चार भाईयों में तीसरे नंबर का था। बेटे की मौत से मां रईशा नौशाद और अन्य परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष फूल सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायलों को रेफर किया है।
-
मंगनी में मिली थी बाइक, 17 नवंबर को होनी थी शादी
बड़े भाई शहबाज ने बताया कि मृतक अरबाज चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। डेढ़ महीने पहले उसकी मंगनी हुई थी। उसी में बाइक मिली थी। उसी को लेकर वह निकला था। 17 नवंबर को उसकी बरात जानी थी। शादी को लेकर घर में तैयारियां चल रही थीं। उसकी मौत से खुशियां मातम में बदल गई।