फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unnao News: बेकाबू कार ने युवक को रौंदा, मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
शुक्लागंज। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के सीताराम कालोनी मोहल्ला स्थित द्वारिका कंपाउंड के पास शुक्रवार की रात गणेश महोत्सव पंडाल में शयन आरती के बाद निकली भीड़ के बीच से तेज रफ्तार से निकली कार की चपेट में आकर पूर्व सभासद के बेटे की मौत हो गई। चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार का पीछाकर पब्लिक ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। घटना के बाद बवाल की आशंका से एसपी के निर्देश पर मौके पर पुलिस व पीएसी तैनात की गई है।
विज्ञापन


द्वारिका मोहनी कंपाउंड के पास गणेश महोत्सव का आयोजन हो रहा है। शुक्रवार रात लगभग 11:30 बजे शयन आरती बाद भक्तों की भीड़ पंडाल से बाहर निकली। तभी तेज रफ्तार कार एक युवक को रौंदते हुए चार लोगों को टक्कर मारते हुए निकल गई। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल मिश्रा कालोनी निवासी पूर्व सभासद राधा किशन गुप्ता के पुत्र राजेश गुप्ता (35) व राजेश की चार साल की बेटी को कानपुर के हैलट अस्पताल भेजा गया। जबकि अन्य घायल द्वारिका मोहिनी कंपाउंड निवासी अदिति सिंह (15), श्रुति रावत (14) व रिया त्रिवेदी (19) को शुक्लागंज के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हैलट में इलाज के दौरान रात में ही पूर्व सभासद के पुत्र राजेश गुप्ता की मौत हो गई। कानपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

उधर, हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग सिंह समेत भारी फोर्स मौके पर पहुंच गया। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह और सीओ सिटी सोनम सिंह ने भी पहुंचकर घटना की जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। कार चालक संदीप कुमार निवासी बेनीपुरवा जिला जालौन हाल पता जोगाभोगा शुक्लागंज एवं दीपक कुमार निवासी ग्राम छापेटी जिला इटावा हाल पता कानपुर सिविल लाइन को पकड़ लिया गया है। सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन




वहीं, घटना के प्रत्यक्षदर्शी गणेश महोत्सव के आयोजक अमर कुमार ने बताया कि कार काफी तेज रफ्तार से जा रही थी। गनीमत रही की पंडाल के अंदर नहीं घुसी अन्यथा अन्य कई लोगों की जान चली जाती।



वहीं, शनिवार को हंगामा और बवाल की सूचना पर दंगा नियंत्रण वाहन के साथ मृतक राजेश के घर और कार्यक्रम स्थल पर पीएसी व पुलिस तैनात कर दी गई। कोतवाल ने बताया कि आयोजन कर्ताओं के पास गणेश महोत्सव की अनुमति नहीं थीं।



कार की नंबर प्लेट पर लिखा है गवर्नमेंट आफ इंडिया



शुक्लागंज। कार की नंबर प्लेट पर गवर्नमेंट आफ इंडिया एवं अशोक स्तंभ का चिन्ह पुलिस को मिला है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए संदीप और दीपक ने उन्हें बताया की कार कानपुर के आनंदेश्वर ट्रेवल्स के मालिक रतन दुबे की है। कार एक आयकर अधिकारी के यहां किराए पर लगी है। कल रात संदीप उन्हें छोड़ने उन्नाव आया था और कानपुर अपने बहनोई दीपक के साथ लौट रहा था। (संवाद)



-

व्यापारियों ने की मुआवजा दिलाने की मांग

शुक्लागंज। ऑल इंडिया उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र रस्तोगी के नेतृत्व में शनिवार को व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल कोतवाली में सीओ सिटी सोनम सिंह से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने हादसे में राजेश के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की। इस दौरान अमरेंद्र गुप्ता, श्याम गुप्ता व राजू आदि मौजूद रहे। (संवाद)



-

पोनी रोड की बाजार बंद रही

शुक्लागंज। ऑल इंडिया उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष ने बताया कि राजेश की पोनी रोड पर इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है और व्यापार मंडल के सदस्य हैं। इसलिए शनिवार को पोनी रोड की बाजार बंद रखी गई। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें