उन्नाव। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में योगी आदित्यनाथ अफसरों एवं कर्मचारियों को कार्य में लापरवाही नहीं करने की नसीहत दे रहे हैं, लेकिन उन्नाव में इन नसीहतों का कोई असर नहीं है। यहां हर तरह आरामतलबी का आलम है। गुरुवार को इसका नजारा साफ दिया। अफसरों के निरीक्षण में बिना बताए ही कर्मचारी गायब मिले। सीएचसी मगरायर पहुंचे सीएमओ को आधा से ज्यादा स्टाफ नदारद मिला। इतना ही नहीं सफीपुर स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने गए नायब तहसीलदार को दो शिक्षक एवं छह कार्यकत्रिया केंद्र से बिना किसी सूचना के गायब मिली। इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इतना ही नहीं गंजमुरादाबाद में सीएचसी भवन के निर्माण में भी सुस्ती चल रही है। निर्धारित समय सीमा पूरी हो गई है, लेकिन काम आधा अधूरा है।