सोमवार को हिलौली ब्लाक प्रांगण में भाजपा का प्रदेश प्रवक्ता बनने के बाद पहली बार क्षेत्र आये ह्रदय नारायण दीक्षित को पार्टी कार्यकर्ताओं ने फ ूलमालाओं से लादकर भव्य स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति में धनबल की मानसिकता रखने वाले लोग पीछे हो चुके हैं। देश में परिवर्तन की आई बयार यह स्पष्ट संकेत दे रही है कि राजनीति के प्रमाणिक कार्यकर्ता ही परिवर्तन का मुख्य प्रतिबिंब हैं। दीक्षित ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी इकलौती पार्टी है जहां काम करने वाला हर कार्यकर्ता संगठन और विचारधारा को आधार मानकर देश में परिवर्तन का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा में विचारधारा की जगह धनबल पर काम किया जाता है। जिसके तहत पिछले 10 वर्षों से प्रदेश में भ्रष्ट व बिगड़ैल व्यवस्था का बोलबाला है। भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो गांव और गरीबों के उत्थान का सपना लेकर आगे बढ़ रही है। इस मौके पर सतीश कुशवाहा, संजय शुक्ला, गंगाप्रसाद वर्मा, ब्रजेश सिंह, शिवप्रसाद चौधरी, अतर सिंह, देशराज रावत, सोनू मिश्रा, मिंटू पांडेय, गुड्डू महराज व नग्गू सिंह भी मौजूद रहे।